महिलाओं का ऐतिहासिक विद्रोह

दिनेश कुमार

केरल के त्रावणकोर इलाके, खास तौर पर वहाँ की महिलाओं के लिए 26 जुलाई का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। इसी दिन 1859 में वहाँ के मजाराजा ने अवर्ण औरतों को शरीर के ऊपरी भाग पर कपड़े पहनने की इजाजत दी। अजीब लग सकता है, पर केरल जैसे प्रगतिशील माने जाने वाले राज्य में भी महिलाओं को अंगवस्त्र या ब्लाउज पहनने का हक पाने के लिए 50 साल से ज्यादा सघन संघर्ष करना पड़ा।

इस कुरूप परंपरा की चर्चा में खास तौर पर निचली जाति नादर की स्त्रियों का जिक्र होता है क्योंकि अपने वस्त्र पहनने के हक के लिए उन्होंने ही सबसे पहले विरोध जताया। नादर की ही एक उपजाति नादन पर बंदिशें उतनी नहीं थीं। उस समय न सिर्फ  अवर्ण बल्कि नंबूदिरी ब्राह्मण और क्षत्रिय नायर जैसी जातियों की औरतों पर भी शरीर का ऊपरी हिस्सा ढकने से रोकने के कई नियम थे। नंबूदिरी औरतों को घर के भीतर ऊपरी शरीर को खुला रखना पड़ता था। वे घर से बाहर निकलते समय ही अपना सीना ढक  सकती थीं लेकिन मंदिर में उन्हें ऊपरी वस्त्र खोलकर ही जाना होता था।

नायर औरतों को ब्राह्मण पुरुषों के सामने अपना वक्ष खुला रखना होता था। सबसे बुरी स्थिति दलित औरतों की थी जिन्हें कहीं भी अंगवस्त्र पहनने की मनाही थी। पहनने पर उन्हें सजा भी हो जाती थी एक घटना बताई जाती है जिसमें एक निम्न जाति की महिला अपना सीना ढककर महल में आई तो रानी अत्तिंगल ने उसके स्तर कटवा देने का आदेश दे डाला।

इस अपमानजनक रिवाज के खिलाफ 19वीं सदी के शुरू में आवाजें उठनी शुरू हुईं। 18वीं सदी के अंत और 19वीं सदी के शुरू में केरल से कई मजदूर, खासकर नादन जाति के लोग, चाय बागानों में काम करने के लिए श्रीलंका चले गए। बेहतर र्आिथक स्थिति, धर्म बदलकर ईसाई बन जाने और यूरोपीय असर की वजह से इनमें जागरूकता ज्यादा थी और ये औरतें अपने शरीर को पूरा ढकने लगी थीं। धर्म-परिवर्तन करके ईसाई बन जाने वाली नादर महिलाओं ने इस प्रगतिशील कदम को अपनाया। इस तरह महिलाएँ अक्सर इस सामाजिक प्रतिबंध को अनदेखा कर सम्मानजनक जीवन पाने की कोशिश करती रहीं।

यह कुलीन मर्दों को बर्दाश्ता नहीं हुआ। ऐसी महिलाओं पर हिंसक हमले होने लगे। जो भी इस नियम की अवहेलना करती उसे सरे बाजार अपने ऊपरी वस्त्र उतारने को मजबूर किया जाता। अवर्ण औरतों को छूना न पड़े इसके लिए सवर्ण पुरुष लंबे डंडे के सिरे पर छुरी बाँध लेते और किसी महिला को ब्लाउज या कंचुकी पहने हुए देखते तो उसे दूर से ही छुरी से फाड़ देते। यहाँ तक कि वे औरतों को इस हाल में रस्सी से बाँध कर सरे आम पेड़ पर लटका देते ताकि दूसरी औरतें ऐसा करते  हुए डरें।
(historical rebellion of women)

लेकिन उस समय अंग्रेजों का राजकाज में भी असर बढ़ रहा था।1814 में त्रावणकोर के दीवान कर्नल मुनरो ने आदेश निकलवाया कि ईसाई नादन और नादर महिलाएँ ब्लाउज पहन सकती हैं। लेकिन इसका कोई फायदा न हुआ। उच्च वर्ण के पुरुष इस आदेश के बावजूद लगातार महिलाओं को अपनी ताकत और असर के सहारे इस शर्मनाक अवस्था की ओर धकेलते रहे।

आठ साल बाद फिर ऐसा ही आदेश निकाला गया। एक तरफ शर्मनाक स्थिति से उबरने की चेतना का जागना और दूसरी तरफ समर्थन में अंग्रेजी सरकार का आदेश और ज्यादा महिलाओं ने शालीन कपड़े पहनने शुरू कर दिये। इधर उच्च वर्ण के पुरुषों का प्रतिरोध भी उतना ही तीखा हो गया। एक घटना बताई जाती है कि नादर ईसाई महिलाओं का एक दल निचली अदालत में ऐसे ही एक मामले में गवाही देने पहुँचा। उन्हें दीवान मुनरो की आँखों के सामने अदालत के दरवाजे पर अपने अंग वस्त्र उतार कर रख देने पड़े। तभी वे भीतर जा पाईं। संघर्ष लगातार बढ़ रहा था और हिंसक प्रतिरोध भी।

सवर्णों के अलावा राजा खुद भी परंपरा निभाने के पक्ष में था। क्यों न होता। आदेश था कि महल से मंदिर तक राजा की सवारी निकले तो रास्ते पर दोनों ओर नीची जातियों की अर्धनग्न कुँवारी महिलाएँ फूल बरसाती हुई खड़ी रहें। उस रास्ते में घरों के छज्जों पर भी राजा के स्वागत में औरतों को खड़ा रखा जाता था। राजा और उसके काफिले के सभी पुरुष इन दृश्यों का भरपूर आनंद लेते थे।

आखिर 1829 में इस मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया।

कुलीन पुरुषों की लगातार नाराजगी के कारण राजा ने आदेश निकलवा दिया कि किसी भी अवर्ण जाति की औरत अपने शरीर का ऊपरी हिस्सा नहीं ढक सकती। अब तक ईसाई औरतों को जो थोड़ा समर्थन दीवान के आदेश से मिल रहा था, वह भी खत्म हो गया। अब हिन्दू-ईसाई सभी वंचित महिलाएँ एक हो गईं और उनके विरोध की ताकत बढ़ गई। सभी जगह महिलाएँ पूरे कपड़ों में बाहर निकलने लगीं।

इस पूरे आन्दोलन का सीधा संबंध भारत की आजादी की लड़ाई के इतिहास से भी है। विरोधियों ने ऊँची जातियों के लोगों की दुकानों और सामान को लूटना शुरू कर दिया। राज्य में शांति पूरी तरह भंग हो गई। दूसरी तरफ नारायण गुरु और अन्य सामाजिक, र्धािमक गुरुओं ने भी इस सामाजिक रूढ़ि का विरोध किया।

मद्रास के कमिश्नर ने त्रावणकोर के राजा को खबर भिजवाई कि महिलाओं को कपड़े न पहनने देने और राज्य में हिंसा और अशांति को न रोक पाने के कारण उसकी बदनामी हो रही है। अंग्रेजों के और नादर आदि अवर्ण जातियों के दबाव में आखिर त्रावणकोर के राजा की घोषणा करनी पड़ी कि सभी महिलाएँ शरीर का ऊपरी हिस्सा वस्त्र से ढक सकती हैं। 26 जुलाई 1859 को राजा के एक आदेश के जरिए महिलाओं के ऊपरी वस्त्र न पहनने के कानून को बदल दिया गया। कई स्तरों पर विरोध के बावजूद आखिर त्रावणकोर की महिलाओं ने अपने वक्ष ढकने जैसा बुनियादी हक छीन लिया।
(historical rebellion of women)

आधी जमीन अगस्त 2015 से साभार
उत्तरा के फेसबुक पेज को लाइक करें : Uttara Mahila Patrika
पत्रिका की आर्थिक सहायता के लिये : यहाँ क्लिक करें